CrimeIndia

​आधी रात को आता और… एक ही दुकान में कर डाली 20 बार चोरी, ऐसे अरेस्ट हुआ 9 लाख का माल उड़ाने वाला सलीम

Karnataka News: कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर से चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शातिर चोर ने एक ही कबाड़ की दुकान को निशाना बनाते हुए पिछले एक साल में 20 से भी अधिक बार तांबे के कीमती सामान पर हाथ साफ किया. दुकान मालिक की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चिक्काबल्लापुर पुलिस ने आरोपी युवक को रंगे हाथों धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सलीम के रूप में हुई है, जो चुराया हुआ तांबा बेंगलुरु के ग्रामीण इलाकों में बेचता था. पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

​आधी रात को आता और… एक ही दुकान में कर डाली 20 बार चोरी, ऐसे अरेस्ट हुआ 9 लाख का माल उड़ाने वाला सलीम

मामला चिक्काबल्लापुर स्थित ‘सिंडिकेट स्क्रैप’ की दुकान का है. दुकान मालिक मुशीर अहमद ने गौरीबिदानूर और शिदलाघट्टा इलाकों में सड़क चौड़ीकरण के दौरान गिराई गई पुरानी इमारतों से निकले बिजली के तार और तांबे के अन्य सामान खरीदे थे. उन्होंने इस महंगे तांबे को अपनी दुकान में अलग सुरक्षित स्थान पर रखा था.

पिछले कुछ महीनों से मुशीर अहमद को लगातार यह एहसास हो रहा था कि उनकी दुकान से तांबा और अन्य कीमती धातुएं धीरेधीरे कम हो रही हैं. जब उन्होंने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उनके होश उड़ गए. फुटेज में एक युवक आधी रात को दुकान में घुसकर तांबा चुराते हुए साफ दिखाई दिया.

बारिश के कारण पहली बार भागा, फिर पुलिस के बिछाए जाल में फंसा

CCTV में चेहरा देखने के बाद दुकान मालिक और कर्मचारियों ने एक रात चोर को मौके पर ही पकड़ने की कोशिश की. हालांकि, उस रात हो रही मूसलाधार बारिश का फायदा उठाकर आरोपी अंधेरे में भागने में सफल रहा. इसके बाद दुकान मालिक मुशीर अहमद ने चिक्काबल्लापुर पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के निर्देशानुसार दुकान के आसपास पुलिस और कर्मचारियों का कड़ा पहरा लगा दिया गया. आखिरकार, जब सलीम फिर से चोरी करने दुकान में घुसा, तो उसे रंगे हाथों दबोच लिया गया.

नशे की लत के लिए की चोरी, 9 लाख का तांबा बेचा

पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए. आरोपी सलीम पिछले एक साल में इसी एक दुकान से 20 से अधिक बार तांबा चुरा चुका था. अनुमान के मुताबिक, उसने लगभग 9 लाख रुपये मूल्य का तांबा चुराकर बेचा. आरोपी नशे की लत को पूरा करने के लिए इस अपराध को अंजाम देता था. वह चुराया गया तांबा बेंगलुरु ग्रामीण और आसपास के इलाकों में सस्ते दामों में बेच देता था. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ ही इस चोरी की साजिश में शामिल उसके दो अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply