BusinessIndia

​शेयर बाजार में IPO की बहार! अक्टूबर में जियो प्लेटफॉर्म्स सहित 12 कंपनियों की एंट्री तय

आईपीओ के जरिए फंड जुटाने की रफ्तार प्राइमरी बाजार में लगातार बनी हुई है. अक्टूबर में जियो प्लेटफॉर्म्स, जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस और अवाडा इलेक्ट्रो समेत करीब एक दर्जन कंपनियां अपना आईपीओ लाने की तैयारी में हैं. इन कंपनियों के आईपीओ से टेक्नोलॉजी, हेल्थ सर्विस, रिन्युएबल एनर्जी, रक्षा और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के नए अवसर मिलने की उम्मीद है. मर्चेंट बैंकर से मिली जानकारी के अनुसार, इस महीने आईपीओ लाने की तैयारी कर रही अन्य कंपनियों में फ्यूजन सीएक्स, एचडी फायर प्रोटेक्ट, टोन्बो इमेजिंग, बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस, सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज, पारस हेल्थकेयर, एनडीआर इनविट ट्रस्ट, गुजरात विक्ट्री फोर्जिंग्स और एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज शामिल हैं. इस साल अब तक 96 आईपीओ के जरिये कंपनियों ने 1.1 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि जुटाई है. इनमें अकेले सितंबर महीने में 35 आईपीओ बाजार में आए थे.

​शेयर बाजार में IPO की बहार! अक्टूबर में जियो प्लेटफॉर्म्स सहित 12 कंपनियों की एंट्री तय

इन कंपनियों के आ रहे हैं आईपीओ

  1. रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की दूरसंचार और डिजिटल सेवा इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ इस महीने का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, कंपनी का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा. इसके भारत का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ होने की उम्मीद है.
  2. एचडी फायर प्रोटेक्ट ने अपने 712 करोड़ रुपए के आईपीओ के लिए 258 से 271 रुपए प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है. यह निर्गम 13 अक्टूबर को खुलेगा और 15 अक्टूबर को बंद होगा. इसमें प्रवर्तकों की हिस्सेदारी बिक्री के जरिये पूरी राशि जुटाई जाएगी.
  3. वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित ग्राहक अनुभव सेवाएं देने वाली कंपनी फ्यूजन सीएक्स ने 702 करोड़ रुपए के आईपीओ के लिए 275 से 289 रुपए प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है. इसका निर्गम 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक खुला रहेगा.
  4. टेक बेस्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म जेटवर्क अपने आईपीओ के जरिए करीब 5,000 करोड़ रुपए जुटाने की योजना बना रही है. इसमें 2,600 करोड़ रुपए का नया निर्गम और 9.68 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश शामिल है. कंपनी का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा.
  5. डिफेंस टेक सेक्टर की कंपनी टोन्बो इमेजिंग ने 1.22 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश का प्रस्ताव रखा है. इसका आईपीओ भी 15 से 19 अक्टूबर तक खुला रहेगा.
  6. इसी अवधि में बोनफिग्लियोली समूह की भारतीय इकाई बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस का आईपीओ आएगा. कंपनी ने 4.32 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश का प्रस्ताव दिया है.
  7. चिकित्सा उपकरण बनाने वाली सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज का आईपीओ भी 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा. इस निर्गम में 1.38 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश की जाएगी.
  8. रिन्युएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी अवाडा इलेक्ट्रो आईपीओ के जरिए 7,600 करोड़ रुपए जुटाने की योजना बना रही है. पारस हेल्थकेयर 1,800 करोड़ रुपए और एनडीआर इनविट ट्रस्ट 750 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में हैं.
  9. गुजरात विक्ट्री फोर्जिंग्स ने 1.97 करोड़ तक शेयरों के आईपीओ का प्रस्ताव रखा है. इन कंपनियों के निर्गम में नए शेयर जारी करने और मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने, दोनों की योजना शामिल है.
  10. जल एवं अपशिष्ट जल उपचार समाधान उपलब्ध कराने वाली एसएफसी एन्वॉयरर्नमेंटल टेक्नोलॉजीज ने 150 करोड़ रुपए के नए शेयर निर्गम और 1.23 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश वाला आईपीओ प्रस्तावित किया है.

क्या है एक्सपर्ट की राय?

जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड की प्रबंध निदेशक और इक्विटी कैपिटल मार्केट्स प्रमुख नेहा अग्रवाल ने कहा कि वर्ष की दूसरी छमाही में भी भारतीय प्राथमिक बाजार में मजबूत गतिविधियां जारी हैं. हालांकि, शेयर बाजार में उतारचढ़ाव और भूराजनीतिक घटनाक्रम के कारण कंपनियों को आईपीओ लाने के लिए उपयुक्त समय का चयन करना पड़ सकता है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण कंपनियों के शेयरों के प्रति निवेशकों की रुचि बनी हुई है. उन्होंने कहा कि घरेलू संस्थागत निवेशकों के पास उपलब्ध पर्याप्त पूंजी और विदेशी निवेशकों की चुनिंदा भागीदारी से सार्वजनिक निर्गम बाजार को समर्थन मिल रहा है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply