IndiaUttar Pradesh

​मैट्रिमोनियल ऐप पर प्यार, फिर मंदिर में शादी… फरार पति की तलाश में बागपत पहुंची पत्नी

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती के प्रेम की कहानी मैट्रिमोनियल ऐप पर शुरू हुई बातचीत शादी तक पहुंची, लेकिन शादी के कुछ समय बाद पति के लापता हो जाने से परेशान महिला बागपत पहुंच गई. गाजियाबाद की रहने वाली उषा ने बागपत कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी अस्मिता लाल को शिकायती पत्र सौंपा और पति के साथ रहने के साथसाथ मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.

​मैट्रिमोनियल ऐप पर प्यार, फिर मंदिर में शादी… फरार पति की तलाश में बागपत पहुंची पत्नी

उषा के मुताबिक, उसकी बातचीत बागपत के लुहारी गांव निवासी सूरज कुमार से जीवनसाथी ऐप के जरिए शुरू हुई थी. बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया. महिला का आरोप है कि सूरज ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था. इसी दौरान उसने खुद को सेना में तैनात बताते हुए लद्दाख में ड्यूटी करने की बात कही.

मंदिर में रचाई थी शादी

महिला के अनुसार, दोनों ने 23 जुलाई 2026 को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी की थी. शादी के बाद कुछ समय तक दोनों साथ रहे. इसके बाद सूरज यह कहते हुए वहां से चला गया कि उसे अपनी ड्यूटी पर वापस लौटना है. उषा का कहना है कि पति के जाने के बाद वह लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश करती रही.

महिला के मुताबिक, हर बार सूरज की ओर से छुट्टी मिलने पर वापस आने का भरोसा दिया जाता रहा. काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो उषा खुद उसकी तलाश में बागपत के लुहारी गांव पहुंच गई. उषा का आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद सूरज ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया. आरोप है कि इस दौरान उसके साथ गालीगलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई. इसके बाद महिला ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी.

पति छोड़कर फरार

उषा ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है. यदि पति उसे साथ रखने से इनकार करता है तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाए. महिला ने अधिकारियों से अपनी सुरक्षा की भी मांग की है.

अब पूरा मामला पुलिस जांच के दायरे में है. महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. जांच में शादी के दस्तावेज, दोनों के बीच हुई बातचीत और सूरज के सेना में तैनात होने के दावे समेत अन्य तथ्यों को अहम माना जा रहा है. पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply