Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र स्थित खंडसरा गांव में चार दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. तीनों बच्चों को पहले हल्का बुखार आया और फिर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी जान चली गई. परिजनों का दावा है कि मौत के समय तीनों बच्चों की नाक और मुंह से खून निकला था. लगातार दो बच्चों की मौत के बाद भी शुरुआत में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, लेकिन गुरुवार सुबह तीसरे बच्चे की मौत के बाद पुलिस और स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया है.

9 नवंबर : आशीष कुमार के सबसे छोटे बेटे दिव्यांश की 9 नवंबर की दोपहर करीब ढाई बजे खेलते समय अचानक तबीयत बिगड़ी. हल्का बुखार आने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
10 नवंबर : अगले ही दिन 10 नवंबर को दूसरे बेटे कार्तिक की भी ठीक उसी तरह तबीयत खराब हुई और उसकी भी मौत हो गई. परिजनों ने बिना किसी पुलिस या चिकित्सकीय जांच के दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया.
गुरुवार सुबह : 10 नवंबर की रात बड़ी बेटी लक्ष्मी को बुखार और पेट दर्द की शिकायत हुई. उसे आननफानन में दुबग्गा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
तीसरे बच्चे की रिपोर्ट में दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया की पुष्टि
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर गुरुवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएन यादव, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अतुल वर्मा और सीएचसी माल के अधीक्षक डॉ. धनंजय कुशवाहा की टीम गांव पहुंची. अधिकारियों ने बताया कि तीसरी बच्ची लक्ष्मी की ब्लड रिपोर्ट में टाइफाइड, डेंगू और मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन छाती के एक्सरे में दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया के लक्षण मिले हैं.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने प्रारंभिक निरीक्षण में फूड पॉइजनिंग की भी आशंका जताई है. हालांकि, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय जांच आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के अनुसार, परिजनों ने तीनों बच्चों की मौत का तरीका एक जैसा बताया है और फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. लक्ष्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि यदि जांच में जरूरत पड़ी, तो पहले दफनाए गए दोनों बच्चों के शवों को कब्र से निकलवाकर उनका भी पोस्टमार्टम कराया जा सकता है.



