शिक्षक विद्यार्थियों के चरित्र, सोच और भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं : गुरजोत कौर

जालंधर : शिक्षक दिवस के अवसर पर नारी निकेतन ट्रस्ट की ओर से ए.एन. गुजराल स्कूल में शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ट्रस्ट की महासचिव गुरजोत कौर ने विद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित किया और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
गुरजोत कौर ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे उनके चरित्र, सोच और भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एक अच्छे शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थी के जीवन पर लंबे समय तक प्रभाव डालता है। समाज के निर्माण में भी शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी का बोध कराने में शिक्षकों का योगदान सराहनीय है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण और मेहनत के लिए आभार व्यक्त किया।
ए.एन. गुजराल स्कूल नारी निकेतन ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी ट्रस्ट की ओर से किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार से जुड़े सदस्य और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।


