India

​ध्रुव राठी के खिलाफ जारी हुआ गैर-जमानती वारंट, जानिए क्या है पूरा मामला

नई दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया। यह मामला आठ साल पुराने आपराधिक मानहानि केस से जुड़ा है, जिसे विकास सांकृत्यायन ने “बीजेपी आईटी सेल पार्ट 2” शीर्षक वाले एक वीडियो को लेकर दायर किया था। साकेत कोर्ट ने यह वारंट तब जारी किया जब राठी अदालत के सामने पेश नहीं हुए। अदालत ने इस बात पर गौर किया कि उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने में बारबार मुश्किलें आ रही थीं। अब अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख तय की है। यह नया आदेश तब आया है, जब अदालत ने 31 अक्टूबर को राठी के खिलाफ एक जमानती वारंट जारी किया था और इसे उनके गुरुग्राम वाले पते पर तामील करने का निर्देश दिया था। हालांकि, इस वारंट की तामील नहीं हो सकी।

पहले भी जारी हुई था वारंट
इससे पहले, 17 अक्टूबर को भी अदालत ने यूट्यूबर के खिलाफ एक जमानती वारंट जारी किया था। ऐसा तब किया गया जब अदालत को बताया गया कि नया समन नहीं दिया जा सका, क्योंकि उनके घर पर ताला लगा हुआ था। 17 अक्टूबर वाले वारंट की भी तामील नहीं हो पाई, क्योंकि अदालत को जानकारी मिली कि यह वारंट ऑस्ट्रिया के एक गलत पते पर भेज दिया गया था। यह मामला “बीजेपी आईटी सेल पार्ट 2” शीर्षक वाले एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कथित तौर पर विकास पांडे की मानहानि की गई थी। इस वीडियो को 2018 में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी रीट्वीट किया था। बाद में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के सामने माना कि इसे शेयर करके उनसे गलती हुई थी। सोशल मीडिया पेज ‘आई सपोर्ट नरेंद्र मोदी’ के संस्थापक विकास पांडे ने आरोप लगाया था कि इस वीडियो और उसके बाद किए गए रीट्वीट से उनकी छवि खराब हुई है।

भारत से बाहर रहने की वजह से केस में देरी हुई
2019 से ही राठी को समन भेजने में लगातार आ रही दिक्कतों के कारण उनके खिलाफ कार्यवाही लंबित थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि राठी के लगातार भारत से बाहर रहने की वजह से केस में देरी हुई है। राठी ऑस्ट्रिया में रहते हैं। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा था, क्योंकि केजरीवाल ने रीट्वीट से जुड़ी आपराधिक मानहानि की कार्यवाही को चुनौती दी थी।

फरवरी 2024 में, केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि वीडियो को रीट्वीट करके उनसे गलती हुई थी। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने केजरीवाल के खिलाफ ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। यह रोक केजरीवाल की उस याचिका पर सुनवाई के दौरान लगाई गई थी, जिसमें उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनके खिलाफ जारी समन को रद्द करने से इनकार कर दिया गया था। इससे पहले, दिल्ली हाई कोर्ट ने समन जारी करने के आदेश को बरकरार रखा था। कोर्ट ने कहा था कि कथित तौर पर मानहानि करने वाली सामग्री को रीट्वीट करने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 499 के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply