क्या आप अपने लिए एक नई 7 सीटर इलेक्ट्रिक कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो VinFast VF MPV 7 आपके लिए एक ऑप्शन हो सकती है. कंपनी ने भारत में इस इलेक्ट्रिक एमपीवी कीमत 4.10 लाख रुपए कम कर दी है. अब से इसकी शुरुआती एक्सशोरुम कीमत 20.39 लाख रुपए हो गई है. नई कीमत 4 नवंबर 2026 से लागू है. इसके अलावा ग्राहकोम को 40,780 रुपए का अलग से फेस्टिव डिस्काउंट भी मिल सकता है. हालांकि, यह ऑफर कुछ शर्तों के साथ मिलेगा.

VinFast VF MPV 7 की नई कीमत
पहले भारत में 24.9 लाख रुपए की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत पर बिक रही थी. अब कंपनी ने इसकी कीमत घटाकर 20.39 लाख रुपए कर दी है. यानी ग्राहकों को पहले के मुकाबले सीधे 4.10 लाख रुपए की बचत होगी. इसमें ध्यान देने वाली बात यह है कि 40,780 रुपए का फेस्टिव फायदा कीमत में की गई इस कटौती से अलग है. यह एक अतिरिक्त ऑफर है, जो तय नियम और शर्तों के मुताबिक मिलेगा. इसलिए इसे कार की नई एक्सशोरूम कीमत में शामिल नहीं समझना चाहिए.
बैटरी, रेंज और परफॉर्मेंस
इस इलेक्ट्रिक एमपीवी में 60.13 kWh का बैटरी पैक दिया गया है. इसके साथ मिलने वाली इलेक्ट्रिक मोटर 201 bhp की पावर और 280 Nm का टॉर्क जनरेट करती है. यह फ्रंट व्हील ड्राइव कार है, यानी इसकी मोटर आगे के पहियों को पावर देती है.
कंपनी के मुताबिक, फुल चार्ज होने पर की ARAI रेंज 517 km है. हालांकि, असल इस्तेमाल में मिलने वाली रेंज ड्राइविंग के तरीके, ट्रैफिक, मौसम, यात्रियों और सामान के वजन के साथ AC के इस्तेमाल पर भी निर्भर करेगी. यह कार 10 सेकेंड से कम समय में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 140 kmph है.
चार्जिंग में कितना समय लगेगा?
VinFast VF MPV 7 को 80 kW तक के DC फास्ट चार्जर से चार्ज किया जा सकता है. सही परिस्थितियों में इसकी बैटरी 10% से 70% तक चार्ज होने में करीब 30 मिनट लेती है. लंबी दूरी के सफर पर निकलने से पहले चार्जिंग स्टॉप की योजना बनाना बेहतर रहेगा.
7 लोगों के बैठने की जगह और बूट स्पेस
इस MPV में 2+3+2 सीटिंग लेआउट दिया गया है, यानी इसमें तीन कतारों में कुल 7 लोग बैठ सकते हैं. इसकी लंबाई 4,740 mm, चौड़ाई 1,872 mm और ऊंचाई 1,734 mm है. वहीं, इसका व्हीलबेस 2,840 mm है.तीनों कतारों की सीटें इस्तेमाल करने पर बूट में 126 लीटर सामान रखा जा सकता है. जरूरत पड़ने पर सीटें फोल्ड करके लगेज स्पेस को 1,240 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है. इसके अलावा इसमें 10.1inch का टचस्क्रीन भी मिलता है. ज्यादा सीटिंग क्षमता, सामान रखने की सुविधा और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन इसे बड़ी फैमिली के लिए एक उपयोगी विकल्प बनाते हैं.



