
प्रयागराज, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार शाम शराब व्यवसायी के परिवार में उस समय हड़कंप मच गया, जब उनकी बहू हर्षिता श्रीवास्तव का शव घर की पहली मंजिल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। हर्षिता की करीब डेढ़ साल की बेटी है।
घटना के समय वह बच्ची को नीचे परिवार के पास छोड़कर ऊपर कमरे में गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो हर्षिता का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
बच्ची रोई तो परिजनों को हुई चिंता
परिजनों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे हर्षिता अपनी डेढ़ साल की बेटी को नीचे परिवार के पास छोड़कर पहली मंजिल स्थित कमरे में चली गई थी। उस समय उसकी सास और ननद नीचे थीं। काफी देर तक हर्षिता के नीचे नहीं आने पर बच्ची रोने लगी।
बच्ची के रोने पर ननद ने हर्षिता को आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर वह कई बार ऊपर गई, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
पति के पहुंचने पर तोड़ा गया दरवाजा
ननद ने हर्षिता के मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसने घरवालों को घटना की जानकारी दी। हर्षिता के पति शिशिर को भी सूचना दी गई। पति के घर पहुंचने के बाद परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। दरवाजा खुलने पर हर्षिता कमरे में फंदे से लटकी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांचपड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें हर्षिता ने मानसिक रूप से परेशान होने समेत अन्य बातें लिखी हैं। नोट में “जीना नहीं चाहती” लिखा होने की बात सामने आई है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है और उसकी जांच की जा रही है।
ढाई साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, हर्षिता की शादी करीब ढाई साल पहले शिशिर से हुई थी। दोनों की डेढ़ साल की बेटी है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल ससुरालवाले भी घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए हैं। धूमनगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार बैस ने बताया कि परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई है। कमरे की स्थिति, सुसाइड नोट में लिखी बातों और घटना से पहले हर्षिता की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


