कोलकाता में गर्लफ्रेंड को किस करने पर लड़की के पिता ने उसके बॉयफ्रेंड का नग्न परेड कराया है. आरोपी पिता ने बॉयफ्रेंड के पिता और उसके दोस्त को भी यही सजा दी है. तमंचे की दम पर हुई इस वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. पीड़ित पिता की तहरीर पर कोलकाता पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें अरेस्ट किया है.

मामला कोलकाता के सरशुना थाना क्षेत्र में रविवार शाम की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि लड़की के पिता, भाई और मामा ने उनकी कनपटी पर तमंचा रखकर कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया. फिर उसी हाल में करीब 50 मीटर तक घुमाया और वीडियो भी बनाया. इस दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी.
क्या है पूरा मामला?
सरशुना पुलिस के मुताबिक एक 18 वर्षीय युवक अपने दोस्त के साथ खालपार मैदान के पास अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था. जांच में पता चला है कि गर्लफ्रेंड 13 साल की लड़की है. आरोप है कि इस मुलाकात के दौरान युवक ने लड़की को किस की थी. इसी दौरान लड़की के चाचा वहां पहुंच गए और युवक के साथ उसके दोस्त को भी पकड़ लिया. फिर इसकी जानकारी जब लड़की के पिता को दी मामला गरमा गया.
मारपीट कर निर्वस्त्र करने का आरोप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इसके बाद आरोपियों ने युवक और उसके दोस्त के साथ मारपीट की और उसके पिता को भी बुला लिया. इसके बाद लड़की के परिवार वालों ने तीनों की कनपटी पर तमंचा रखकर कपड़े उतरवाए और उसी हाल में करीब 50 मीटर तक परेड कराया.
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद युवक के पिता ने पुलिस में शिकायत दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, खतरनाक हथियार से हमला, बंधक बनाने और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया है. इस मामले में पुलिस ने प्रदीप, राहुल और लड़की की मां रिंकू सरकार को अरेस्ट किया है.



