TrendingUttar Pradesh

​Raebareli Shivam Murder Case : पत्नी से अवैध संबंध के शक में चाचा ने भतीजे की गमछे से गला कसकर की हत्या, सई नदी में फेंका शव; दो गिरफ्तार

​Raebareli Shivam Murder Case :  पत्नी से अवैध संबंध के शक में चाचा ने भतीजे की गमछे से गला कसकर की हत्या, सई नदी में फेंका शव; दो गिरफ्तार

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र में सई नदी में मिले शिवम यादव के शव के मामले में पुलिस ने उसके चाचा समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार शिवम की हत्या उसके चाचा सुभाष ने अपने साथी उपेंद्र अवस्थी के साथ मिलकर की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पूरे खुराज मजरे सरायदमऊ निवासी सरोज कुमार यादव ने पांच सितंबर को अपने बेटे शिवम यादव की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन शिवम का शव सई नदी में उतराता मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पिता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई और हत्या की वजह तथा आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद ली गई।

पत्नी से प्रेम संबंध का आरोप लगाकर था नाराज

पूछताछ में मुख्य आरोपी सुभाष ने बताया कि शिवम उसका भतीजा था। उसने शिवम पर अपनी पत्नी से प्रेम संबंध होने का आरोप लगाया था और इस बात को लेकर वह नाराज था तथा उसे सामाजिक बदनामी का डर था। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में सुभाष ने अपने साथी उपेंद्र अवस्थी के साथ मिलकर शिवम की हत्या की योजना बनाई। चार सितंबर को हत्या की योजना बनाने के बाद शिवम को रास्ते से हटाने के लिए सई नदी के पास बुलाने की साजिश रची गई।

सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार पांच सितंबर की रात दोनों आरोपियों ने शिवम को गड़े धन के बारे में बताकर अपने साथ बुलाया और उसे सई नदी के पास कोरचंदामऊ लोघवारी पुल के नजदीक ले गए। आरोप है कि वहां दोनों ने गमछे से शिवम का गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सई नदी में फेंक दिया गया। अगले दिन शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने सुभाष तथा उपेंद्र अवस्थी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply