
सीतापुर, अमृत विचार। यूपी के जनपद सीतापुर में रात से लगातार हो रही बारिश जारी है। इसी बीच इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। क्षेत्र के नौवा महमूदपुर गांव में छप्पर के नीचे सो रहे 35 वर्षीय बांके पुत्र रामप्रसाद के ऊपर बारिश के कारण कच्ची दीवार छप्पर समेत भरभराकर गिर गई। हादसे में बांके गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव वालों ने मलबा हटाकर निकाला बाहर
अचानक दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर युवक को बाहर निकाला गया। आननफानन में परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐलिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में कोहराम
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। लगातार हो रही बारिश के बीच हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी है।
रिपोर्ट—जीशान कदीर, सीतापुर



