BusinessIndia

​₹1.25 लाख वाले शेयर की कंपनी को हुआ भारी नुकसान, क्या लोगों ने बंद कर दिया MRF टायर खरीदना?

देश की प्रमुख टायर कंपनी MRF लिमिटेड को वित्त वर्ष 202627 की दूसरी तिमाही में बड़ा झटका लगा है. कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 28% गिरकर 369 करोड़ रुपए रह गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 512 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था. मुनाफे में इस गिरावट की मुख्य वजह कच्चे माल की बढ़ती कीमतें हैं. सोमवार को बंद होने तक MRF के एक शेयर की कीमत 1,24,875 रुपए थी.

​₹1.25 लाख वाले शेयर की कंपनी को हुआ भारी नुकसान, क्या लोगों ने बंद कर दिया MRF टायर खरीदना?

हालांकि, कंपनी की कमाई यानी रेवेन्यू में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सितंबर तिमाही में MRF का कुल ऑपरेशनल रेवेन्यू करीब 18% बढ़कर 8,524 करोड़ रुपए हो गया. पिछले साल की समान अवधि में यह 7,250 करोड़ रुपए था. इससे पता चलता है कि कंपनी के टायरों की मांग बनी हुई है, लेकिन बढ़ती लागत ने उसके मुनाफे पर दबाव डाल दिया.

कच्चे माल की कीमतों ने बढ़ाई परेशानी

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर के दौरान कंपनी का कुल खर्च 22% से ज्यादा बढ़ गया. इसमें सबसे बड़ी भूमिका कच्चे माल की बढ़ती कीमतों की रही. कंपनी के कच्चे माल पर होने वाला खर्च करीब 44% बढ़ गया. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण सप्लाई से जुड़ी परेशानियों ने भी कंपनियों की लागत बढ़ाई है. इसके अलावा, नैचुरल रबर का प्रोडक्शन करने वाले प्रमुख देशों में सप्लाई की कमी और खराब मौसम के कारण रबर की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं.

इसका असर सिर्फ MRF पर ही नहीं पड़ा है. टायर उद्योग की दूसरी बड़ी कंपनियों JK Tyre और CEAT ने भी सितंबर तिमाही में कम कमाई दर्ज की है. बढ़ती लागत के कारण इन कंपनियों के मुनाफे पर भी दबाव देखने को मिला. हालांकि, वाहन कंपनियों की ओर से लगातार टायरों की मांग आने से इस कारोबार को सहारा मिला है.

शेयरधारकों को मिलेगा 3 रुपए का डिविडेंड

मुनाफे में गिरावट के बावजूद MRF ने अपने शेयरधारकों को डिविडेंड देने का ऐलान किया है. कंपनी वित्त वर्ष 202627 के लिए हर शेयर पर 3 रुपए का डिविडेंड देगी. यह 10 रुपए के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 30% के बराबर है. कंपनी ने डिविडेंड के लिए 17 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. पात्र शेयरधारकों को यह भुगतान 1 दिसंबर 2026 या उसके बाद किया जाएगा. इस बीच, पिछले कारोबारी सत्र में NSE पर MRF का शेयर 1.26% गिरकर 1,25,105 रुपये पर बंद हुआ.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply