उत्तर प्रदेश के गोरखपुरफैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने जीत दर्ज की. करीब 35 घंटे तक चली मतगणना के बाद ध्रुव त्रिपाठी को विजयी घोषित किया गया. उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को 307 वोटों से हराया. इस जीत के साथ ध्रुव त्रिपाठी ने इस सीट पर चौथी बार जीत हासिल की है. वहीं, चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे राजीव यादव ने मतगणना में गड़बड़ी और करीब 1,000 वोटों की चोरी का आरोप लगाया है.

307 वोटों से जीते ध्रुव त्रिपाठी
गोरखपुरफैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी और निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. अंतिम नतीजों में ध्रुव त्रिपाठी को कुल 14,887 वोट मिले, जबकि राजीव यादव को 14,580 मत प्राप्त हुए. दोनों के बीच जीत का अंतर महज 307 वोटों का रहा. इस सीट पर 17 जिलों के 16 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था. करीब 35 घंटे तक चली मतगणना के बाद ध्रुव त्रिपाठी की जीत की घोषणा हुई.
राजीव यादव ने लगाए वोट चोरी के आरोप
नतीजे सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और मतगणना स्थल के बाहर पार्टी के समर्थन में नारेबाजी होने लगी. जीत के बाद ध्रुव त्रिपाठी विक्ट्री साइन बनाते हुए मतगणना स्थल से बाहर आए. चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने नतीजों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में करीब 1,000 वोटों की चोरी हुई है.
राजीव यादव के मुताबिक, वह इस मामले को लेकर निर्वाचन आयोग और अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे. राजीव यादव ने चौथे राउंड में गिने गए 1,612 मतों की फॉरेंसिक जांच कराने की भी बात कही है. उनका आरोप है कि मतगणना में गड़बड़ी हुई है.
ध्रुव त्रिपाठी बोले जीत तो जीत होती है
जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि जीत, जीत होती है, चाहे वह एक वोट से ही क्यों न हो. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजीव यादव को भी उनके संघर्ष के लिए बधाई दी. ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव में मुकाबला मजबूती से होना चाहिए. उन्होंने जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी बधाई दी. ध्रुव त्रिपाठी के मुताबिक, शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के कार्यों और उनके प्रति विश्वास को ध्यान में रखते हुए उन्हें समर्थन दिया है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों के लिए वह सड़क से सदन तक उनकी आवाज उठाते रहेंगे.
भाजपा एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं. शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन और संबंधित मंत्रियों से बातचीत करेंगे, ताकि उनके हक और अधिकारों की रक्षा की जा सके.
संजयन त्रिपाठी को बताया अपने लिए शुभ
ध्रुव त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि संजयन त्रिपाठी उनके लिए शुभ रहे हैं. उनके मुताबिक, संजयन त्रिपाठी 2008 से लगातार उनके खिलाफ चुनाव लड़ते आ रहे हैं और जबजब उन्होंने चुनाव लड़ा, तबतब ध्रुव त्रिपाठी की जीत हुई. इस चुनाव में सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी तीसरे स्थान पर रहे. वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव दूसरे स्थान पर रहे और भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी ने 307 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.
धांधली के आरोपों पर ध्रुव त्रिपाठी ने क्या कहा?
राजीव यादव की ओर से लगाए गए चुनावी धांधली के आरोपों पर ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि इस मामले को देखना चुनाव आयोग का काम है. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और निर्बाध तरीके से संपन्न हुई है. अगर किसी प्रत्याशी को कोई शिकायत है, तो वह रिटर्निंग ऑफिसर , असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर या निर्वाचन आयोग के सामने अपनी बात रख सकता है.



