
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नियुक्ति पत्र पाकर लिपिक संवर्ग सीधी भर्ती2023 के चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए कहा कि लिखित परीक्षा से लेकर टाइपिंग और मेडिकल तक पूरी प्रक्रिया में उन्हें किसी तरह की सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ी। उनके मुताबिक मेहनत और योग्यता के आधार पर चयन होने से वर्षों से देखा जा रहा सरकारी नौकरी का सपना पूरा हुआ है।
लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में यूपी पुलिस के 912 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें पुलिस उपनिरीक्षक , पुलिस सहायक उपनिरीक्षक और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक के पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं। लखनऊ निवासी संजीव वर्मा का चयन उपनिरीक्षक के पद पर हुआ है।उन्होंने बताया कि परीक्षा दो नवंबर 2025 को हुई थी और मार्च 2026 में परिणाम आया।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2101586587565932782
संजीव के मुताबिक पूरी नियुक्ति प्रक्रिया निष्पक्ष रही और मेहनत करने वालों को सफलता मिली। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाना उनके लिए गर्व का क्षण है। लखीमपुर खीरी निवासी रजत गुप्ता भी उपनिरीक्षक के पद पर चयनित हुए हैं। यह यूपी पुलिस में उनका दूसरा चयन है। वर्ष 2020 में वह आरक्षी पद पर चयनित हुए थे। उन्होंने कहा कि लिखित परीक्षा, टाइपिंग और मेडिकल तक प्रक्रिया पारदर्शी रही।
सहायक उपनिरीक्षक पद पर चयनित अंजू भारती
सहायक उपनिरीक्षक पद पर चयनित अंजू भारती ने कहा कि उनका चयन बिना पक्षपात, लेनदेन और सिफारिश के हुआ। उनके अनुसार उन्होंने नौकरी के लिए केवल आवेदन फॉर्म भरने में पैसा खर्च किया। इसी पद पर चयनित आदर्श कुमार जैन ने भी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
सहायक उपनिरीक्षक पद पर चयनित दर्शना बाजपेयी
सहायक उपनिरीक्षक पद पर चयनित दर्शना बाजपेयी ने बताया कि भर्ती में कहीं सिफारिश या लेनदेन की जरूरत नहीं पड़ी और योग्यता के आधार पर चयन हुआ। तीन वर्ष की तैयारी के बाद मिली सफलता को उन्होंने अपने और परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए यादगार क्षण है।
सहायक उपनिरीक्षक के पद पर चयनित धीरेंद्र सिंह
सहायक उपनिरीक्षक के पद पर चयनित धीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह पांच वर्ष से तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को सफलता मिली और नियुक्ति पत्र मिलने का दिन उनके लिए बेहद खुशी का है। सहायक उपनिरीक्षक पद पर चयनित सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि वह 2021 से तैयारी कर रहे थे। उनके मुताबिक पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रही।



