UP Salary Hike: केंद्र सरकार के फैसले के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार ने भी अपने कर्मचारियों के लिए खजाना खोल दिया है. दिवाली के मौके पर राज्य के लाखों कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देते हुए सरकार ने महंगाई भत्ते में 3 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है. इस फैसले के बाद कर्मचारियों को मिलने वाला कुल महंगाई भत्ता उनकी बेसिक सैलरी के 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी पर पहुंच गया है. सरकार के इस कदम से त्योहारी सीजन में कर्मचारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है.

किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
यूपी सरकार का ये फैसला सिर्फ सरकारी दफ्तरों के नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं है. इसका सीधा फायदा राज्य सरकार के कर्मियों के साथसाथ सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों के स्टाफ को भी मिलेगा. इसके अलावा नगर निगम के कर्मचारियों, वर्क चार्ज कर्मचारियों व यूजीसी वेतनमान पर काम करने वाले लोगों को भी बढ़ी हुई दर से भुगतान किया जाएगा.
सरकार की तरफ से साफ किया गया है कि ये बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई, 2026 से लागू माना जाएगा. कर्मचारियों को ये बढ़ा हुआ पैसा नवंबर महीने की सैलरी के साथ दिया जाएगा. खास बात ये है कि नवंबर के वेतन में उस महीने का बढ़ा हुआ डीए तो शामिल होगा ही, साथ में जुलाई से अक्टूबर तक के 4 महीने का एरियर भी जुड़कर आएगा. यानी नवंबर में कर्मचारियों के बैंक खाते में एक अच्छी रकम आने वाली है.
सैलरी में हर महीने कितने रुपये बढ़ेंगे?
महंगाई भत्ते में 3 फीसदी के इजाफे के बाद हर कर्मचारी ये जानना चाहता है कि उसकी सैलरी में असल में कितने रुपये बढ़ेंगे. ये पूरी गणना कर्मचारी की बेसिक सैलरी यानी मूल वेतन पर निर्भर करती है.
अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है, तो 3 फीसदी डीए बढ़ने का मतलब है कि हर महीने के वेतन में 1,500 रुपये का सीधा इजाफा होगा. अभी तक 60 फीसदी के हिसाब से 50 हजार की बेसिक सैलरी पर 30,000 रुपये महंगाई भत्ता मिलता था. इससे बेसिक मिलाकर कुल रकम 80,000 रुपये बनती थी. अब डीए 63 फीसदी हो गया है. ऐसे में कुल महंगाई भत्ता बढ़कर 31,500 रुपये हो जाएगा. इसके बाद नवंबर से बेसिक व डीए मिलाकर सैलरी 81,500 रुपये हो जाएगी.
60 से 70 हजार वेतन पर कितना उछाल
ऊंचे वेतनमान वाले कर्मचारियों को इस बढ़ोतरी से काफी बड़ा फायदा मिलने जा रहा है. जिन कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 60,000 रुपये है, उनकी सैलरी में नवंबर महीने से हर माह 1,800 रुपये की बढ़ोतरी हो जाएगी. अभी तक 60 हजार की बेसिक पर 60 फीसदी के हिसाब से 36,000 रुपये महंगाई भत्ता मिलता रहा है. अब इसमें 1,800 रुपये और जुड़ जाएंगे, जिससे कुल डीए बढ़कर 37,800 रुपये हो जाएगा.
इसी तरह अगर किसी कर्मचारी का मूल वेतन 70,000 रुपये है, तो 3 फीसदी डीए बढ़ने से नवंबर से उसकी हर महीने की सैलरी में 2,100 रुपये का उछाल आएगा. अभी तक 70 हजार की बेसिक पर 60 फीसदी की दर से 42,000 रुपये का महंगाई भत्ता मिल रहा था. नई बढ़ोतरी के बाद ये रकम बढ़कर 44,100 रुपये हो जाएगी. यानी 70 हजार बेसिक सैलरी वालों को नवंबर में 2,100 रुपये की बढ़ी हुई सैलरी मिलेगी. इसके साथ ही 4 महीने के हिसाब से 8,400 रुपये का एरियर भी एक साथ खाते में आएगा.
| बेसिक सैलरी | पुराना DA | नया DA | हर महीने बढ़ोतरी | 4 महीने का कुल एरियर |
| 50,000 रुपये | 30,000 रुपये | 31,500 रुपये | 1,500 रुपये | 6,000 रुपये |
| 60,000 रुपये | 36,000 रुपये | 37,800 रुपये | 1,800 रुपये | 7,200 रुपये |
| 70,000 रुपये | 42,000 रुपये | 44,100 रुपये | 2,100 रुपये | 8,400 रुपये |



