विधान परिषद यानी एमएलसी चुनाव के वाराणसी स्नातक खंड के लिए मतगणना जारी है और सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा प्रथम वरीयता के आठवें चक्र की मतगणना के बाद 16261 वोटों से आगे चल रहे हैं, लेकिन मतगणना को लेकर बीजेपी के लोग संतुष्ट नही हैं. मतगणना के खिलाफ बीते बुधवार की रात बीजेपी नेता, प्रत्याशी, प्रदेश सरकार के मंत्री, मेयर, विधायक और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए. उन्होंने पांचवें राउंड की मतगणना दोबारा कराने की मांग रखी. साथ ही निर्वाचन आयोग से आपत्ति दर्ज कराई. धरना पांच घंटे तक चला और नौ बजे खत्म हुआ.

प्रदर्शन कर रहे बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर प्रांजल यादव के खिलाफ नारेबाजी की. मुर्दाबाद के नारे लगाए और प्रांजल यादव को अखिलेश यादव का रिश्तेदार बताया. ऑब्जर्वर को बर्खास्त करने की मांग भी की गई. शिक्षक एमएलसी सीट पर बीजेपी की हार और स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी की बढ़त के बीच प्रदर्शन से मतगणना स्थल पर माहौल गरमा गया.
पांचवें चक्र की मतगणना फिर से होगी?
वाराणसी जिले में बीजेपी के सभी आठ विधायक, तीनों मंत्री और मेयर धरने पर बैठ गए. बाद में पांचवें चक्र की मतगणना फिर से कराने के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ. बीजेपी प्रत्याशी को पता ही नहीं कि स्नातक खंड की मतगणना के लिए प्रांजल यादव नहीं बल्कि जीसी प्रियदर्शी ऑब्जर्वर हैं.
जब बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह से ये पूछा गया कि जिस ऑब्जर्वर के खिलाफ आप धरने पर बैठे हैं वो तो स्नातक खंड की मतगणना के लिए ऑब्जर्वर हैं ही नहीं, इस पर बीजेपी प्रत्याशी बगले झांकने लगे. उनको पता ही नहीं था कि जो चुनाव वो लड़ रहे हैं उसकी काउंटिंग के लिए ऑब्जर्वर किसको बनाया गया है? उनको जब ये बताया गया कि जिस प्रांजल यादव के खिलाफ नारे बाजी हो रही है वो शिक्षक खंड के लिए ऑब्जर्वर बनाए गए थे और वो शिक्षक खंड के नतीजे आने के बाद वहां से निकल गए थे.
इसके बाद बीजेपी प्रत्याशी के सुर बदले और वो पांचवे राउंड की मतगणना फिर से कराए जाने की मांग करने लगे. बीजेपी प्रत्याशी और नेताओं का तर्क था कि पांचवें राउंड की मतगणना के समय बीजेपी के एजेंट मौजूद नही थे. सिर्फ सपा के एजेंट की मौजूदगी में पांचवें राउंड की काउंटिंग हुई. रात 9 बजे के बाद से काउंटिंग की प्रक्रिया अनवरत जारी है.
अबतक सपा और बीजेपी कितने मिले वोट?
फिलहाल सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा प्रथम वरीयता के मतों के आठवें चक्र की मतगणना के बाद 16,261 वोटों से आगे चल रहे हैं. अब तक सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को 47,450 वोट, जबकि बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 31,189 वोट प्राप्त हुए हैं.



