IndiaUttar Pradesh

​पानी में खतरनाक स्टंट की बना रहे थे रील, वायरल हुई तो हमीरपुर पुलिस ने युवकों की बना दी रील

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जान जोखिम में डालकर रील बनाने वाले युवकों को पुलिस ने अनोखे अंदाज में सबक सिखाया है. कुछ युवक गहरे पानी में उतरकर खतरनाक स्टंट कर रहे थे और उनका वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेकर सख्त हिदायत दी और पुलिस ने युवकों से कच्छे में ही मेंढक की तरह उछलउछलकर चलने वाली फ्रॉग जंप एक्सरसाइज कराई. पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

​पानी में खतरनाक स्टंट की बना रहे थे रील, वायरल हुई तो हमीरपुर पुलिस ने युवकों की बना दी रील

दरअसल, मौदहा क्षेत्र के कम्हरिया बंधे पर इन दिनों पानी का जलस्तर काफी गहरा है. इसके बावजूद कुछ युवक संभावित खतरे को नजरअंदाज करते हुए पानी में नहाने और स्टंट करने पहुंचे थे. युवकों का मकसद सोशल मीडिया पर रोमांचक रील बनाकर लाइक और व्यूज बटोरना था. लेकिन उन्हें इस बात का जरा सा भी अंदाजा नहीं था कि गहरे पानी में इस तरह की लापरवाही कभी भी जानलेवा साबित हो सकती है. बताया जा रहा है कि युवक खतरनाक अंदाज में पानी में उछलकूद कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस की नजर उन पर पड़ी और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर युवकों को बाहर निकलवाया. इसके बाद उन्हें समझाया गया कि कुछ सेकंड की वायरल रील के लिए अपनी जिंदगी खतरे में डालना किसी भी सूरत में समझदारी नहीं है.

पुलिस ने कराई फ्रॉग जंप एक्सरसाइज

पुलिस ने मामले में किसी लंबी कानूनी प्रक्रिया में उलझने के बजाय मौके पर ही युवकों को अनोखे अंदाज में सबक सिखाने का फैसला किया. वायरल वीडियो में युवक कच्छे पहने मेंढक की तरह उछलते हुए फ्रॉग जंप करते नजर आ रहे हैं. पुलिसकर्मियों ने उनसे एक्सरसाइज कराई और भविष्य में दोबारा इस तरह की हरकत न करने की चेतावनी दी. युवकों को यह भी समझाया गया कि गहरे पानी में बिना सुरक्षा के उतरना बेहद खतरनाक है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद घटनास्थल और आसपास के इलाके में चर्चा शुरू हो गई. वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पहुंचते ही लोग इसे तेजी से शेयर करने लगे.

पुलिस ने हिदायत देकर छोड़ा

मौदहा थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि गहरे पानी में उतरकर खतरनाक हरकतें करने वाले युवकों को मौके पर ही एक्सरसाइज कराई गई और सख्त हिदायत दी गई कि वे दोबारा इस तरह जान जोखिम में न डालें. उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए और पानी में किसी भी तरह का खतरनाक स्टंट करने से बचना चाहिए. पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आने पर संबंधित युवकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल, पुलिस के इस अनोखे एक्शन का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply