UP Board Exam Marksheet Distribution: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के विद्यार्थियों को ऑफलाइन अंकपत्र और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 23 अप्रैल को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराए गए अंकपत्रों के बाद अब छात्रों को उनके मूल दस्तावेज विद्यालयों के माध्यम से वितरित किए जाएंगे। बोर्ड के सभी पांच क्षेत्रीय कार्यालयों में इंटरमीडिएट के साथसाथ हाईस्कूल के अंकपत्र और प्रमाणपत्र भी पहुंच चुके हैं।

अगले सप्ताह डीआईओएस कार्यालयों को भेजी जाएगी मार्कशीट
इन दस्तावेजों पर आवश्यक मुहर लगाने के बाद क्रॉस लिस्ट तथा संबंधित छात्रछात्राओं के कक्षा 9 और 11 के पंजीकरण कार्ड के साथ पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार अगले सप्ताह तक यह सामग्री सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को भेज दी जाएगी। इसके बाद विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को दस्तावेज वितरित किए जाएंगे।
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने परिणाम घोषित होने के बाद पहली बार विद्यार्थियों को अंकपत्र और प्रमाणपत्र में त्रुटियों के संशोधन का विशेष अवसर दिया था। चूंकि अंकपत्र डिजिलॉकर पर उपलब्ध थे, इसलिए छात्रों को नाम, जन्मतिथि, विषय या अन्य विवरणों में किसी भी प्रकार की गलती मिलने पर विद्यालय के माध्यम से आवेदन करने का समय दिया गया था।
त्रुटिरहित अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र पुनः प्रिंट कराए गए
प्राप्त आवेदनों का विद्यालयों के जरिए सत्यापन कराया गया और उसके बाद त्रुटिरहित अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र पुनः प्रिंट कराए गए। अब संशोधित दस्तावेज भी क्षेत्रीय कार्यालयों में उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिन्हें अन्य दस्तावेजों के साथ जिलों में भेजा जाएगा।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के अंकपत्र भी इसी पैकेट में विद्यालयों को भेजे जाएंगे। छात्रछात्राएं अपने द्वारा निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर अपने अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगे।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में 50 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। ऐसे में ऑफलाइन अंकपत्रों के वितरण की प्रक्रिया लाखों छात्रों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।



