
लखनऊ। यूपी टी20 लीग के चौथे सत्र में मेरठ मावेरिक्स ने सोमवार को इकाना स्टेडियम में गोरखपुर लायंस को 10 विकेट से हराकर लगातार छठी जीत दर्ज की और प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। बारिश के कारण मुकाबला आठआठ ओवर का कर दिया गया था। गोरखपुर लायंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में छह विकेट पर 91 रन बनाए। अभय प्रताप सिंह ने 16 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
गोरखपुर को 10 विकेट से हराया
गोरखपुर ने पहले 3.3 ओवर में 44 रन बनाए, लेकिन इसके बाद मेरठ के स्पिनर जीशान अंसारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में 10 रन देकर चार विकेट झटक लिए। पारी के अंतिम ओवर में मेरठ के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने 154 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर यूपी टी20 लीग के इतिहास की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड बनाया।
92 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी टीम
उन्होंने इस गेंद पर प्रिंस यादव को आउट किया। 92 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ ने बिना कोई विकेट गंवाए 6.3 ओवर में 92 रन बनाकर मैच जीत लिया। स्वास्तिक चिकारा ने 24 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए। अक्षय दुबे 52 के स्कोर पर चोटिल होने के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए।
रिंकू सिंह ने की धुआधार बल्लेबाजी
इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला और विशाल निषाद के एक ओवर में 28 रन बटोरे। रिंकू ने सात गेंदों में नाबाद 29 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स इस सत्र में लगातार छह जीत के साथ अब तक अजेय रहने वाली टीम है और प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है।



