TrendingUttar Pradesh

​पावर हाउस में घुसा पानी, बिजली व्यवस्था ठप… हरदोई में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 24 घंटे में 215 MM से ज्यादा की वर्षा, शहर से गांव तक पानी ही पानी

​पावर हाउस में घुसा पानी, बिजली व्यवस्था ठप…  हरदोई में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 24 घंटे में 215 MM से ज्यादा की वर्षा, शहर से गांव तक पानी ही पानी

हरदोई, अमृत विचार। यूपी के हरदोई जिले में पिछले 24 घंटे से अधिक समय से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश शनिवार को भी थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे में 215 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की है। भारी बारिश के चलते शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जगहजगह जलभराव हो गया है और लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

पावर हाउस में घुसा पानी, बिजली व्यवस्था ठप

अत्यधिक बारिश के कारण लखनऊ रोड स्थित 132 केवी पावर हाउस में पानी भर गया। जलभराव के चलते विद्युत व्यवस्था ठप हो गई है। यहां से जुड़े दर्जनों पावर हाउस भी बंद पड़े हैं, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। बिजली गुल होने से शहर के दर्जनों मोहल्लों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण घरों के इनवर्टर भी बंद हो गए हैं। इंटरनेट सेवाएं प्रभावित होने से लोगों को और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूल बंद, बाजारों में पसरा सन्नाटा

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। वहीं, बारिश के कारण अधिकांश बाजारों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और मुश्किल हैं। कई जगह जलभराव के कारण लोगों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है। रास्तों पर पानी भरने से ग्रामीणों को घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पेड़ और दीवारें गिरीं, यातायात प्रभावित

भारी बारिश के साथ कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए हैं। इससे सड़क मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। कई जगह दीवार गिरने की भी सूचना है। लगातार बारिश के कारण लोगों को हादसों का डर भी सता रहा है।

किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें

अत्यधिक बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में पानी भरने और लगातार बारिश जारी रहने से फसलों को नुकसान की आशंका है। ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही आवागमन प्रभावित है, ऐसे में किसान फसल को लेकर परेशान हैं। लगातार बारिश के कारण हरदोई में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बिजली, पानी, इंटरनेट और आवागमन की समस्याओं के बीच लोग बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply