पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर हैं, यह वो देश है जो दुनियाभर में गुलाबी झील के लिए पर्यटकों के बीच फेमस है. दिलचस्प बात है कि नीले पानी के बीच गुलाबी झील मौजूद है जो किसी अजूबे से कम नहीं है. यह पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के मिडिल आइलैंड पर है. इसका नाम लेक हिलियर है. इसका पानी किसी बबलगम के गहरे गुलाबी रंग का नजर आता है. खास बात है कि इसका गुलाबी रंग पूरे सालभर रहता है. न बारिश इसे बदल पाती है और न ही मौसम.

लम्बे समय तक यह गुलाबी झील और इसका पानी वैज्ञानिकों के बीच पहेली बना रहा है. रिसर्च के बाद यह पता लगाया गया कि आखिर आसपास नीले पानी के बीच यह झील सालभर गुलाबी क्यों बनी रहती है.
किसने खोजी यह झील?
इसकी खोज ब्रिटिश खोजकर्ता मैथ्यू फ्लिंडर्स ने साल 1802 में की थी. उन्होंने ही इस झील का नाम अपने टीम के सदस्य विलियम हिलियर के नाम पर रखा था. 600 मीटर लंबी झील चारों तरफ से यूकेलिप्टस और पेपरबार्क के घने जंगलों और सफेद रेत की पट्टी और नीले पानी से घिरी हुई है. जब हवाई जहाज से इसका नजारा देखा जाता है तो यह नीले समुद्र के बीच गुलाबी स्पॉट के रूप में पेटिंग की तरह दिखाई देती है.
ऑस्ट्रेलिया की लेक हिलियर. फोटो: Getty Images
नीले पानी के बीच गुलाबी झील कैसे?
ऑस्ट्रेलिया की लेक हिलियर गुलाबी क्यों है? अब इसके पीछे का साइंस समझ लेते हैं. इसके गुलाबी रंग के पीछे वैज्ञानिकों ने तर्क दिए हैं. उनका दावा है कि इसमें नमक की मात्रा और उसमें पनपने वाले सूक्ष्मजीव अधिक हैं. इसमें मौजूद शैवाल झील में रहने के लिए खुद को ढाल चुका है. जब शैवाल धूप और अधिक नमक की सांद्रता के सम्पर्क में आता है तो अपनी कोशिकाओं की रक्षा के लिए बीटाकैरोटिन नाम का पिंगमेंट पैदा करता है. यह पिगमेंट सूरज की तेज किरणों से शैवाल को बचाता है. बीटा कैरोटिन गाजर और दूसरे फलों में भी पाया जाता है. यही वजह है कि उनका गुलाबी या लाल होता है.
इस झील का पानी समुद्र के मुकाबले 10 गुना तक ज्यादा नमकीन है.
वैज्ञानिकों का यह भी तर्क है कि कुछ खास तरह के हैलोफिलिक बैक्टीरिया भी इस गुलाबी रंग को बनाए रखने में भूमिका निभाते हैं. ये बैक्टीरिया अत्यधिक नमकीन पानी में पनपते हैं और अपने अंदर मौजूद पिगमेंट्स की वजह से पानी के रंग को और गहरा बना देते हैं.
Secret Pink Lake Hillier Australia — Most Unique Colored Lake on Earth
pic.twitter.com/W6k7d9MK9I
— Aesthetic vibes July 5, 2026
क्या पानी पीने के लिए सुरक्षित है?
नहीं, यह पानी समुद्र के मुकाबले 10 गुना तक ज्यादा नमकीन है. इस आइलैंड जाने के लिए आमतौर पर हेलिकॉप्टर या सीप्लेन का इस्तेमाल किया जाता है. यह झील उन चमत्कारों में से एक है जो साबित करता है कि विज्ञान और प्रकृति का मेल कितना खूबसूरत है. हालांकि, दुनिया के कई हिस्सों में भी गुलाबी झीलें हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की लेक हिलियर जैसी खूबसूरती कहीं नहीं है. यही वजह है कि पर्यटक इसकी खूबसूरती को देखने के लिए दुनिया के कोनेकोने से पहुंचते हैं. इसी तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर अक्सर शेयर किए जाते हैं.



