CrimeIndia

​‘कपार खा जाएंगी तुम्हारी मां…’ साथ में शाहजहांपुर जाने की जिद कर रही थी पत्नी, पति ने मार दी गोली

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृत महिला की पहचान शाहजहांपुर में निगोही थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में रहने वाली रेशमा पत्नी शिवम के रूप में हुई है. शिवम ने लंबे समय तक चले प्रेम प्रसंग के बाद तीन साल पहले ही रेशमा के साथ प्रेम विवाह किया था. हालांकि शादी के बाद घर में लड़ाई झगड़े होने की वजह से रेशमा अपने मायके में रह रही थी.

​‘कपार खा जाएंगी तुम्हारी मां…’ साथ में शाहजहांपुर जाने की जिद कर रही थी पत्नी, पति ने मार दी गोली

पुलिस के मुताबिक शिवम एक दिन पहले ही ससुराल गया और पत्नी रेशमा को मनाकर अपने घर ले आया था. रेशमा की बहन प्रीति ने बताया कि उसकी बहन ससुराल लौटने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन आरोपी की जिद की वजह से तैयार हो गई और किसी अनहोनी से निपटने के लिए उसे भी साथ ले आई. यहां पहुंचने के अगले दिन शिवम दिवाली की खरीदारी के लिए शाहजहांपुर जा रहा था. ऐसे में रेशमा भी तैयार होने लगी. इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और शिवम ने रेशमा को गोली मार दी.

मां का नाम लेने पर भड़का शिवम

प्रीति ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि शिवम और रेशमा की शादी से उसके घर वाले खुश नहीं थे. खासतौर पर रेशमा की मां को ज्यादा आपत्ति थी. शादी के बाद से ही आए दिन झगड़े होने लगे थे, इसलिए उसकी बहन ससुराल छोड़कर मायके में रहने लगी थी. मंगलवार को जब शिवम ने शहर जाने की बात की तो रेशमा ने भी साथ जाने की जिद की. कहा कि वह यहां अकेले रही तो उसकी सास कपार खा जाएगी. यह सुनते ही शिवम भड़क गया.

गुस्से में पत्नी पर चला दी गोली

इसके बाद शिवम और रेशमा में विवाद होने लगा और दोनों कमरे के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिए. इसके बाद शिवम ने रेशमा को गोली मार दी. प्रीति ने बताया कि वारदात के वक्त वह खुद और शिवम के परिवार के लोग दरवाजे के बाहर ही खड़े थे. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर पूछताछ शुरू कर दी है.

मनबढ़ किस्म का है आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवम बचपन से ही मनबढ़ किस्म का इनसान है. पुलिस की जांच में पता चला है कि वह गांव में रंगबाजी करता था. उसने अपने पास तमंचा भी रखा था. प्रीति ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि शिवम के पास तमंचा शादी के पहले से ही था. इसी तमंचे से उसने उसकी बहन को गोली मारी है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा बरामद कर लिया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply