
नाबालिग से दुष्कर्म (प्रतीकात्मक चित्र)
प्रदेश के देवास जिले में 15 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने और बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि नाबालिग गर्भवती है। यह जानकर परिवार वाले सन्न रह गए। कुछ समय बाद नाबालिग ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दे दिया।
मामला सामने आने के बाद परिवार सदमे में है। नाबालिग के साथ कथित तौर पर हुई घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और उसके बयान दर्ज किए। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिवार को नहीं थी जानकारी
स्वजन के अनुसार नाबालिग सामान्य रूप से परिवार के साथ रह रही थी और उसकी पढ़ाई भी जारी थी। उसने हाल ही में नौवीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और 10वीं में प्रवेश की तैयारी कर रही थी। परिवार का कहना है कि बेटी के गर्भवती होने की जानकारी उन्हें अस्पताल पहुंचने के बाद ही मिली।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
पिता के मुताबिक, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बेटी के साथ ऐसा कुछ हुआ है। अचानक सामने आई इस घटना से पूरा परिवार स्तब्ध है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
घटना से आहत स्वजन ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नाबालिग के साथ कथित रूप से घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पिता का कहना है कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि बेटी के साथ यह सब कब और कैसे हुआ।
जच्चा-बच्चा स्वस्थ
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और नाबालिग के बयान दर्ज किए। पुलिस अब उसके बयानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल किसी आरोपित की पहचान या गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार नाबालिग और नवजात दोनों की हालत फिलहाल स्वस्थ है।



