
लखनऊ क्षेत्र के ग्राम मदारीपुर से मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। जहां दो मासूम बच्चों के सिर से एक ही पल में माता-पिता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम मदारीपुर निवासी 35 वर्षीय आशीष प्रजापति पुत्र स्व. बाबूलाल और उनकी 30 वर्षीय पत्नी छमता के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे जब उनके दो मासूम बच्चे – 10 वर्षीय पुत्र और 8 वर्षीय पुत्री आदर्श सरस्वती शिक्षा मंदिर, मदारीपुर से पढ़कर घर लौटे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर पिता फंदे पर लटके मिले और मां चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी थीं।
बच्चों की चीख सुनकर ग्रामीण दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त बीकेटी एवं प्रभारी निरीक्षक बीकेटी तत्काल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। गांव में मातम पसरा है। कभी हंसता-खेलता परिवार आज दो मासूमों को जीवन भर का दर्द दे गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।



