IndiaTrendingUttar Pradesh

चचेरे भाई ने सरेआम घोंपा चाकू, भाभी के साथ अवैध संबंधों के शक में वारदात को दिया अंजाम

राजकोट : गुजरात का राजकोट शहर, जो कभी अपनी शांति के लिए जाना जाता था, अब लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं का गवाह बन रहा है। शहर के भक्तिनगर इलाके में दो साल पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद का बेहद खूनी अंजाम देखने को मिला। यहां 42 वर्षीय घनश्यामसिंह वाघेला की उनके ही सगे चचेरे भाई ने सरेआम चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मेंद्रसिंह वाघेला को कुछ ही घंटों में लिंबड़ी हाईवे से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल उसका एक अन्य साथी अब भी फरार है।

चचेरे भाई ने सरेआम घोंपा चाकू, भाभी के साथ अवैध संबंधों के शक में वारदात को दिया अंजाम

धर्मजीवन अपार्टमेंट के पास दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

यह वारदात राजकोट के जलाराम चौक से भक्तिनगर सर्कल जाने वाले रास्ते पर धर्मजीवन अपार्टमेंट के पास हुई। शनिवार शाम करीब छह बजे घनश्यामसिंह अपनी कार में बैठे हुए थे। आरोप है कि तभी उनके चचेरे भाई धर्मेंद्रसिंह ने उन्हें बाहर बुलाया और कहा कि ‘आज तो तुझे खत्म ही कर देना है।’ इसके बाद आरोपी ने उन पर चाकू से लगातार छह से सात वार कर दिए। लहूलुहान हालत में घनश्यामसिंह को तुरंत गोकुल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन देर रात करीब 12:30 बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या में तब्दील कर दिया। मृतक के पिता अनूपसिंह वाघेला की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अवैध संबंधों का शक और पुरानी दुश्मनी बनी हत्या की जड़

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हत्या की जड़ें करीब दो साल पुरानी हैं। मृतक और आरोपी परिवार के बीच लंबे समय से गहरा विवाद चल रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्रसिंह के बड़े भाई की पत्नी और मृतक घनश्यामसिंह के बीच कथित अनैतिक संबंधों का शक था। जांच में सामने आया है कि इस पूरे विवाद के बाद धर्मेंद्रसिंह के बड़े भाई ने अपनी पत्नी से तलाक भी ले लिया था। इसके अलावा, दो साल पहले नवरात्रि के दौरान धोराजी के भाडेर गांव में दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। उस मामले में हत्या के प्रयास का केस अभी भी कोर्ट में विचाराधीन है। मृतक पक्ष ने उस मामले में समझौता करने से इनकार कर दिया था, जिससे रंजिश और ज्यादा गहरी हो गई।

धमकियों के डर से आरोपी ने बदल लिया था अपना घर

जांच में यह अहम बात भी सामने आई है कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले ही आरोपी धर्मेंद्रसिंह ने गांधीग्राम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप था कि घनश्यामसिंह उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को इतना डर सता रहा था कि उसने अपना घर तक बदल लिया था। पूछताछ में यह भी पता चला है कि घटना से ठीक एक दिन पहले मृतक द्वारा आरोपी को 40 से 50 मिस्ड कॉल किए गए थे। फिलहाल, पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड , सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहराई से जांच कर रही है ताकि सभी दावों की पुष्टि की जा सके और फरार दूसरे आरोपी को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply