
सुलतानपुर, अमृत विचार। जिला बार एसोसिएशन सुलतानपुर के चुनाव में मतगणना के दौरान हुए विवाद के बाद अब बार एसोसिएशन के प्रशासनिक कक्ष से सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी होने का मामला सामने आया है। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दूबे ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर एवं कोतवाली नगर थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर मामले में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में राजेंद्र प्रताप दूबे ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 9 सितंबर को बार चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था। 10 सितंबर को मतगणना शुरू हुई। करीब 3:30 से 4 बजे के बीच मतपत्रों की शार्टिंग के दौरान कुछ प्रत्याशियों ने मतदान में अनियमितता का आरोप लगाते हुए हंगामा किया तथा कुछ प्रत्याशियों व उनके समर्थकों द्वारा शार्ट किए गए मतपत्र जबरन लेकर जाने का आरोप है।
गायब हुआ डीवीआर।
पूरी घटना बार एसोसिएशन के हाल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात तहरीर में कही गई है। घटना के बाद एल्डर्स कमेटी चेयरमैन ने पूरी चुनाव प्रक्रिया निरस्त कर दी थी और इसकी सूचना जिला जज, इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ, जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक को दी थी।
सुबह कार्यालय पहुंचे तो टूटा मिला गेट
तहरीर के अनुसार, 11 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे एक अधिवक्ता के निधन पर शोक प्रस्ताव के लिए जब राजेंद्र प्रताप दूबे बार एसोसिएशन के प्रशासनिक कक्ष पहुंचे तो कार्यालय का गेट टूटा मिला। अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। एल्डर्स कमेटी चेयरमैन ने पुलिस से मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने तथा सीसीटीवी डीवीआर चोरी करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



