
हरियाणा के रोहतक में डी पार्क स्थित जूते के शोरूम में आग लगने का बड़ा मामला सामने आया है, आग ने अगल-बगल की करीब एक दर्जन दुकानों को अपनी आगोश में लिया है. आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, हालांकि पांच घंटे का वक्त बीतने के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका. वहीं, इस अग्निकांड में 4 लोगों की जिंदा जलकर मरने की आशंका है, हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
वहीं, इस अग्निकांड पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सवाल खड़ा करते हुए जांच की मांग की है, साथ ही दुकानदारों के लिए मुआवजे की मांग की है. वहीं, शोरूम में काम करने वाले गायब हुए कर्मचारियों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है, साथ ही यह भी आशंका जताई जा रह है कि इस अग्निकांड में 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत हुई है.
फंसे लोगों के लिए बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
रोहतक के आईजी समरदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और उन्हें आशंका है कि कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं. आईजी समरदीप सिंह ने कहा है कि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास प्रशासन कर रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस प्रशासन की तरफ से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है.
कांग्रेस सांसद ने की मुआवजे की मांग
रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने आग से हुए नुकसान की सरकार से मुआवजे की मांग की है. उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार को चाहिए कि इस तरह की स्थिति में मुआवजा दिया जाना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है और वह उम्मीद करते हैं कि सभी लोग सुरक्षित होंगे.
अग्निकांड में कई लोगों की मौत की आशंका
गौरतलब है कि डी पार्क पर जूते के शोरूम में आग लगने से करीब दर्जन भर दुकान इसकी चपेट में आ गई, साथ ही कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. वहीं दूसरी ओर जूते के शोरूम में काम करने वाले एक युवक के परिजन ने बताया कि उनका भाई भी अंदर फंसा हुआ है और वह उम्मीद कर रहे हैं कि उनका भाई सुरक्षित हो.


