हरियाणा के सोनीपत की घटना है. पिता और भाई ने बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. हैरानी की बात यह है कि वारदात महिला पुलिसकर्मी के सामने हुई. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

पुलिस के अनुसार, पिता अनिल ने रसोई से चाकू उठाकर चीनू पर ताबड़तोड़ वार किए. किसी तरह जान बचाकर भागने की कोशिश कर रही चीनू को उसके भाई राहुल ने पकड़ लिया और उसका गला काट दिया. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात एक महिला पुलिसकर्मी के सामने हुई. पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे धक्का देकर घायल कर दिया.
माता-पिता और भाई अरेस्ट
इस घटना ने हिला कर रख दिया है. चीनू का अंतिम संस्कार सोमवार को किया गया, जिसमें उसके माता-पिता शामिल नहीं हुए. मामले में पुलिस ने चीनू के माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, जांच अभी जारी है और कुछ सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं.
पुलिस जल्द ही देवा नाम के उस युवक से भी पूछताछ करेगी, जिससे चीनू शादी करना चाहती थी. पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय चीनू गोहाना की रहने वाली थी और जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) की पढ़ाई कर रही थी. उसके पिता अनिल ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं. परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई राहुल है.
‘प्रेम करने की दी सजा’
चीनू का पिछले तीन वर्षों से बुटाना गांव के रहने वाले देवा के साथ प्रेम संबंध था और दोनों ने शादी करने का फैसला किया था. दोनों की मुलाकात गोहाना बस स्टैंड पर हुई थी. देवा हारट्रॉन इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर कोर्स कर रहा था, जबकि चीनू पास के एक नर्सिंग संस्थान में पढ़ाई कर रही थी. मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया.
परिवार को यह रिश्ता स्वीकार नहीं था. उन्होंने कहीं और शादी तय करने की योजना बनाई थी, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर तीखी बहस हुई थी. परिवार ने चीनू को धमकी दी थी कि अगर उसने अपनी मर्जी से शादी की, तो उसे जान से मार दिया जाएगा.
पुलिस से मांगी थी मदद
खतरे को भांपते हुए चीनू ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी थी. मौके पर दुर्गा शक्ति टीम पहुंची और परिवार को समझाने की कोशिश की. टीम ने एक महिला पुलिसकर्मी को घर के अंदर छोड़ दिया था, लेकिन इसी दौरान यह खौफनाक वारदात हो गई. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और पुलिस पर हमले समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है. उन्हें कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है.

