Delhi Crime News: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के परिसर से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक वारदात सामने आई है. जेएनयू के एक छात्र ने एक छात्रा से दोस्ती को लेकर अपने साथी छात्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस खूनी हमले में पीड़ित छात्र की दाईं आंख की रोशनी हमेशा के लिए चली गई है और उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने वसंत कुंज उत्तरी थाने में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 5 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे जेएनयू परिसर स्थित बराक छात्रावास के कमरा संख्या 119 में हुई. भाषा विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र सौरभ पर आरोपी छात्र अजय ने चाकू से हमला कर दिया. अजय को एक छात्रा के साथ सौरभ की बढ़ती दोस्ती पर आपत्ति थी. हमले में सौरभ के सिर, चेहरे, हाथ और दाईं आंख पर गंभीर चोटें आईं.
घटना के तुरंत बाद सौरभ को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि हमले की वजह से उसकी दाईं आंख की रोशनी चली गई है. शनिवार शाम तक उसकी सर्जरी के बाद इलाज जारी था.
हाथापाई में 4 छात्र घायल; छात्रा की शिकायत पर FIR दर्ज
पुलिस ने बताया कि स्नातकोत्तर के छात्र आरोपी अजय को भी इस घटना में चोटें आई हैं. बचाव और हाथापाई के दौरान तीन अन्य छात्र भी घायल हो गए, जिससे इस वारदात में कुल घायलों की संख्या 4 हो गई है. सौरभ की महिला मित्र की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को वसंत कुंज उत्तर थाने में हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से पड़ताल जारी है. हालांकि, शनिवार शाम तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी.



