Satya Report: हरियाणा के नूंह जिले में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आरोपी ने खुद को जज का ड्राइवर बताकर पीड़ित से करीब दो लाख रुपए की ठगी की. पीड़ित की शिकायत पर जब पुलिस ने पूरे मामले की जांच की तो सच्चाई सामने आई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में पुलिस अब आगे की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार जिले के गांव धांधुका निवासी इकबाल ने अपनी शिकायत में पुलिस अधीक्षक को बताया कि उसके परिवार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है, जिसमें कुल 8 लोग नामजद हैं. इसी बीच गांव बाबूपुर निवासी न्याज मोहम्मद के जरिए उसकी मुलाकात इमरान नाम के युवक से हुई. इमरान ने खुद को फरीदाबाद के सेशन जज का ड्राइवर बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह केस से गंभीर धाराएं हटवा देगा और केवल 2 लोगों को नाम रहेगा.
सरकारी फीस के नाम पर लिए पैसे
आरोप है कि इमरान ने इस काम के लिए सरकारी फीस के नाम पर एक लाख 80 हजार रुपये की मांग की और यह दावा किया कि वह आईपीसी की धारा 307 हटवा देगा और मामले में केवल दो लोगों को ही पेश होना पड़ेगा. भरोसे में आकर पीड़ित ने पैसे दे दिए, लेकिन समय बीतने के बावजूद न तो केस में कोई बदलाव हुआ और न ही परिवार को कोई राहत मिली. जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने धमकाना शुरू कर दिया.
पीड़ित ने बताया कि बाद न्याज मोहम्मद ने 80 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकी रकम लौटाने से बचने के लिए उल्टा पुलिस में झूठी शिकायत करने लगें. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें शिकायत सही पाई गई. इसके बाद नूंह सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है.
– .



