उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में आज शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्राइवेट स्कूल की लिफ्ट टूट गई. हादसे के समय लिफ्ट में छह से अधिक लोग सवार थे. यह सभी जनगणनाकर्मी थे और स्कूल में आयोजित जनगणना ट्रेनिंग शिविर में हिससा लेकर बाहर निकल रहे थे. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. आनन फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. उधर, घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

मामला नगर के चुनहा स्थित जीडी गोयनका स्कूल का है. इस स्कूल में शनिवार को सरकारी कर्मचारियों की जनगणना द्वितीय चरण की ट्रेनिंग चल रही थी. ट्रेनिंग खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे. इसी दरम्यान लिफ्ट टूट गई. इस दौरान लिफ्ट में आधा दर्जन से अधिक लोग सवार थे. ये सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन फानन लिफ्ट तोड़कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया.
मच गया हड़कंप
हादसे के बाद कुछ घायलों को सरकारी अस्पताल तो कुछ को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी हालत गंभीर लेकिन खतरे से बाहर बताई गई है. एसडीएम सदर गरिमा सौनकिया के मुताबिक लिफ्ट में क्षमता से अधिक लोगों के चढ़ने की वजह से यह हादसा हुआ है. इसमें आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं. सभी का इलाज हो रहा है और प्रशासन इसपर नजर बनाए हुए हैं.
यहां पहले भी हुआ हादसा
इस स्कूल में पहले भी कई हादसे हुए हैं. अभी कुछ दिनों पहले ही इस विद्यालय में सटरिंग के दौरान छत भरभरा कर गिर पड़ी थी. इस घटना में भी कई लोग घायल हुए थे. वहीं आज लिफ्ट टूटने की वजह से ये घटना हो गई. फिलहाल डीएम ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं. लेकिन हादसे के बाद इस स्कूल की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.



