Satya Report: उत्तर प्रदेश के मल्लावां थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रसूलपुर में शिल्पी कुशवाहा की फावड़ा मारकर हत्या के मामले में नामजद मुख्य आरोपित को मल्लावां पुलिस ने मंगलवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया. बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. आरोपित का कहना है कि युवती उससे पांच लाख की डिमांड कर रही थी. रुपये देने में असमर्थता जताई तो उसने झूठा फंसाने की धमकी दी. बातचीत के दौरान गुस्से में आकर मार डाला. उसे शक था कि युवती का प्रेम संबंध गांव के एक अन्य युवक से हो गया था. उससे वह बात भी करती थी. इससे भी वह नाराज था. गांव निवासी शिल्पी कुशवाहा को सोमवार शाम को घर से खींचकर बेरहमी से फावड़े से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया था.

इस हत्याकांड में गांव के ही ऋषभ द्विवेदी और उसके पिता प्रमोद द्विवेदी को नामजद किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मुख्य आरोपित पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था. मंगलवार की देर रात कोतवाल शिवाकांत पांडे ने मुखबिर की सूचना पर मल्लावां चौराहे पर घेराबंदी कर ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया. बताया गया कि वह किसी वाहन की तलाश में चौराहे पर आया था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया. पूछताछ में आरोपित ने कबूल किया कि शिल्पी से प्रेम प्रसंग था. इसी बात पर विवाद के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने बरामद किया हथियार
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है. मकान के कुछ हिस्से को ध्वस्त किया गया. घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार शाम आरोपित के मकान के कुछ हिस्से पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया. उसके घर के पास एक दीवार और शौचालय सरकारी जमीन पर बना हुआ पाया गया. इस ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा. पुलिस का कहना है कि फरार दूसरे आरोपित की तलाश जारी है.
हत्याकांड पर सियासत तेज
अब इस पूरे मामले में कई संगठनों के द्वारा इस गांव को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और 30 तारीख को अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के आने की बात कही जा रही है. हालांकि, इस पूरे मामले पर अब राजनीति भी गर्म हो चली है.



