
सोशल मीडिया पर चीन का एक अनोखा और विवादित मामला तेजी से चर्चा में है। ग्वांगझोउ शहर में आयोजित एक कॉमिक कन्वेंशन के दौरान कुछ महिला कॉस्प्लेयर्स ने कथित तौर पर नींबू पानी से भरे टब में अपने पैर डुबोकर उसी पेय को ‘फुट जूस’ के नाम से बेचना शुरू कर दिया। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर तीखी बहस छिड़ गई।
कॉमिक इवेंट में लगाया गया अनोखा स्टॉल
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला दक्षिणी चीन के ग्वांगझोउ में आयोजित फायरफ्लाई कॉमिक कन्वेंशन का है। बताया गया कि कुछ महिला कॉस्प्लेयर्स कुर्सियों पर बैठी थीं और उनके पैर पानी तथा कटे हुए नींबू से भरे एक बड़े टब में थे। वहीं मौजूद लोग उसी टब से पेय निकालकर आगंतुकों को बेच रहे थे।
एक कप की कीमत करीब 670 रुपये
बताया जा रहा है कि इस पेय की कीमत 50 युआन (करीब 670 भारतीय रुपये) प्रति कप रखी गई थी। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और दावों के अनुसार, कई लोगों ने इसे खरीदा, जबकि कुछ लोग स्टॉल के पास अलग-अलग तरह की हरकतें करते भी दिखाई दिए। स्टॉल पर एक बोर्ड भी लगाया गया था, जिस पर लिखा था कि यह “केवल मनोरंजन के उद्देश्य से” है।
वायरल होने के बाद मचा विवाद
घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने इस तरह की गतिविधि की आलोचना की, जबकि कुछ ने इसे केवल प्रचार पाने का तरीका बताया।
आयोजकों ने की कार्रवाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद कार्यक्रम के आयोजकों ने संबंधित स्टॉल को बंद करा दिया और इसमें शामिल कॉस्प्लेयर्स को इवेंट से बाहर कर दिया।
नोट: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों, वीडियो और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। घटना से जुड़े सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।


