
हरदोई, अमृत विचार। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिलालपुर शर्मा गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। खेत की देखभाल के लिए घर से निकले एक युवक की रेलवे ट्रैक पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
रोज की तरह खेत देखने निकला था अमित
मृतक की पहचान अमित सिंह, पुत्र चक्रपाल सिंह, निवासी बिलालपुर शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अमित बुधवार को करीब दोपहर 12 बजे अमित रोज की तरह दोपहर अपने खेत की देखभाल के लिए जा रहे थे। खेत जाने के रास्ते में उन्हें रेलवे ट्रैक पार करना था। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। जिससे अमित की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों के लिए यह यकीन करना मुश्किल था कि कुछ देर पहले खेत के लिए निकला अमित अब इस दुनिया में नहीं रहा।
पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस बल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। युवक रेलवे ट्रैक कैसे पार कर रहा था और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।



