BusinessIndia

​2 महीने में कितना बढ़ गया आपके घर का खर्च? दूध-डिटर्जेंट से लेकर घी, साबून तक इतने बढ़ गए दाम

पिछले दो महीनों में महंगाई ने आम आदमी की जेब पर एक बार फिर बोझ बढ़ा दिया है. रोजाना इस्तेमाल होने वाले दूध, घी, मक्खन, दही, डिटर्जेंट और साबुन से लेकर सिगरेट और गैस सिलेंडर तक की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. अमूल और मदर डेयरी ने 12 नवंबर से दूध के दाम बढ़ा दिए हैं. वहीं, कर्नाटक में नंदिनी दूध और दही पहले ही महंगे हो चुके हैं.

​2 महीने में कितना बढ़ गया आपके घर का खर्च? दूध-डिटर्जेंट से लेकर घी, साबून तक इतने बढ़ गए दाम

हिंदुस्तान यूनिलीवर ने सर्फ एक्सेल, रिन, व्हील और मोती साबुन की कीमतें बढ़ाई हैं. डाबर ने भी प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाने का ऐलान कर दिया है. इसके अलावा अमूल के घीमक्खन और आईटीसी की गोल्ड फ्लेक प्रीमियम सिगरेट भी महंगी हो गई है. ऐसे में सवाल है कि पिछले दो महीनों में आपके घर में इस्तेमाल होने वाला क्याक्या सामान महंगा हुआ है?

इतने महंगे हुए डेयरी प्रोडक्ट्स और दूध

सबसे पहले दूध की बात करें तो मदर डेयरी ने दिल्लीएनसीआर में 12 नवंबर से कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है. फुल क्रीम दूध अब 72 रुपए के बजाय 76 रुपए प्रति लीटर मिलेगा. टोंड दूध की कीमत 60 से बढ़कर 62 रुपए और डबल टोंड दूध की कीमत 54 से बढ़कर 56 रुपए हो गई है. गाय का दूध भी 62 से बढ़कर 65 रुपए प्रति लीटर हो गया है. अमूल ने भी दूध के दाम बढ़ाए हैं. अमूल ताजा दूध 2 रुपए और अमूल गोल्ड 4 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है. कंपनी ने चारे, पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की बढ़ती लागत को इसकी वजह बताया है.

कर्नाटक में नंदिनी दूध की कीमतों में 8 से 12 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है. यहां टोंड दूध 46 से बढ़कर 54 रुपए और स्पेशल टोंड दूध 52 से बढ़कर 64 रुपए प्रति लीटर हो गया है. शुभम दूध भी 52 से बढ़कर 64 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है. दही की कीमतों में भी इजाफा हुआ है. 500 ग्राम दही का पैकेट 28 से बढ़कर 34 रुपए और एक किलो दही 54 से बढ़कर 68 रुपए हो गया है.

डेयरी उत्पादों में घी और मक्खन भी महंगे हुए हैं. अमूल का एक किलो घी 630 से बढ़कर 680 रुपए हो गया है. 500 ग्राम शुद्ध घी की कीमत 325 से बढ़कर 345 रुपए और 500 ग्राम मक्खन 310 से बढ़कर 325 रुपए हो गया है. बेंगलुरु में नंदिनी का एक लीटर घी 715 से बढ़कर 850 रुपए पहुंच गया है. वहीं, 500 ग्राम नमकीन मक्खन की कीमत 310 से बढ़कर 380 रुपए हो गई है. तमिलनाडु की डेयरी कंपनी आविन ने भी घी के दाम बढ़ाए हैं. इसका 100 मिली घी 80 से बढ़कर 95 रुपए और 200 मिली पैक 160 से बढ़कर 180 रुपए हो गया है. नंदिनी के पनीर की कीमत भी बढ़ी है. 200 ग्राम पनीर 115 रुपए, 500 ग्राम 260 रुपए और एक किलो 485 रुपए में मिल रहा है.

सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के दाम बढ़े

महंगाई का असर कपड़े और बर्तन साफ करने वाले सामान पर भी पड़ा है. हिंदुस्तान यूनिलीवर ने सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के दाम बढ़ाए हैं. एक किलो सर्फ एक्सेल क्विक वॉश अब 235 के बजाय 245 रुपए में मिलेगा, जबकि 500 ग्राम पैक की कीमत 123 से बढ़कर 128 रुपए हो गई है. एक किलो सर्फ एक्सेल ईजी वॉश 167 से बढ़कर 172 रुपए हो गया है. व्हील पाउडर का 500 ग्राम पैक 46 से बढ़कर 47 रुपए और मोती गुलाब साबुन 74 से बढ़कर 82 रुपए का हो गया है. रिन पाउडर के एक किलो पैक की नई कीमत 123 रुपए और 500 ग्राम पैक की 63 रुपए है.

सिगरेट पीना भी हुआ महंगा

सिगरेट पीने वालों की जेब पर भी असर पड़ा है. आईटीसी ने गोल्ड फ्लेक प्रीमियम के 10 सिगरेट वाले पैकेट की कीमत 125 से बढ़ाकर 135 रुपए कर दी है. इस साल जून में भी कंपनी ने इसकी कीमत 10 रुपए बढ़ाई थी. यानी इस साल अब तक पैकेट 20 रुपए महंगा हो चुका है.

गैसे सिलेंडर महंगा हुआ

इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाला 19 किलो का कमर्शियल गैस सिलेंडर दिल्ली में सितंबर के 2,747.50 रुपए से बढ़कर नवंबर में 2,820 रुपए हो गया है. यानी दो महीने में 72.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बदलाव नहीं हुआ है और दिल्ली में यह 942 रुपए का ही है.

ड्राई फ्रूट्स भी हुए महंगे

ड्राई फ्रूट्स में पिस्ता पिछले साल के मुकाबले 60 से 70 फीसदी और बादाम 20 से 40 फीसदी तक महंगे हो गए हैं. काजू, किशमिश, खजूर और सूखे अंजीर की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

दाल भी हुई महंगी

बाजार में दालों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. तूर दाल के दाम बढ़कर 135 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जबकि चने की कीमत करीब 95 रुपये प्रति किलो हो गई है. इससे आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply