
लखनऊ, अमृत विचार। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को लखनऊ में भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 का क्षेत्रीय रोडशो आयोजित किया गया। इस दौरान उत्तर भारत में अक्षय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के सरकारी प्रतिनिधियों के साथ स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि उप्र. नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, निवेश और नवाचार को बढ़ावा देकर स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने निवेशकों और तकनीकी साझेदारों को प्रदेश में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बताया कि सौर ऊर्जा, जैव ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने वाली नीतियों के चलते प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
नवंबर में नई दिल्ली में होगा समिट
बीआरई समिट 2026 का आयोजन दो से पांच नवंबर तक नई दिल्ली में होगा। इसके साथ अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन असेंबली के नौवें सत्र और ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। लखनऊ रोडशो इस राष्ट्रव्यापी अभियान का छठा चरण था। इससे पहले जयपुर, मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद और बेंगलुरु में रोडशो हो चुके हैं।



