
मोहनलालगंज , अमृत विचार: मोहनलालगंज के पद्मिनखेड़ा गांव में अर्धनिर्मित भूखंड की देखरेख करने वाली महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद पीटकर हत्या कर दी गई। महिला की चीखपुकार सुनकर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिला। भूखंड के बाहर एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। मौके पर संघर्ष के निशान थे, खून हर तरफ बिखरा था। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म, हत्या व शव को छिपाने के आरोप में गांव के हरीराम व राजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले में तीनों को हिरासत लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मोहनलालगंज के पद्मिन खेड़ा गांव में राजेंद्र के अर्द्धनिर्मित मकान में महिला पिछले सात वर्ष से रह रही थी। उसका अपना निवास राजेंद्र के अर्द्धनिर्मित मकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। मृतका की बेटी के मुताबिक मां रात में भोजन को अपने घर जाती थी। बुधवार रात को भी वह रात करीब नौ बजे भोजन करने के बाद अर्द्धनिर्मित मकान में सोने चली गई थी। करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने सूचना दी कि उक्त अर्द्धनिर्मित मकान से महिला के चीखने की आवाज आ रही है। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अर्द्धनिर्मित मकान के सामने गांव का ही बुद्धिलाल नशे की हालत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने देखा कि खाट पर खून बिखरा था, संघर्ष और उसे घसीटे जाने के निशान मौजूद थे। झाड़ियों के बीच में बुजुर्ग महिला का खून से लथपथ अर्धनग्न शव पड़ा था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज में मिला सुराग
डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के मुताबिक महिला की हत्या के मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज राम बाबू के मुताबिक घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में गांव के ही हरीराम व राजेश कुमार उर्फ गुड्डू घटनास्थल से भागते दिखे। उनसे जानकारी ली जा रही है। पुलिस ने इन दोनों को भी हिरासत में ले लिया। महिला के बेटे ने हरीराम व राजेश के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।



