CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

दहेज की आग में बुझी एक और जिंदगी, गर्भवती विवाहिता की मौत से मचा हड़कंप…

दहेज की आग में बुझी एक और जिंदगी, गर्भवती विवाहिता की मौत से मचा हड़कंप…

दहेज की मांग पूरी न होने पर एक गर्भवती महिला की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम सिलौवा बुजुर्ग में एक गर्भवती विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा मारपीट कर फांसी पर लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना रामपुरा में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झांसी जनपद के थाना समथर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धींगपुरा निवासी अनिल कुमार पुत्र हरपे जाटव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने लगभग दो वर्ष पूर्व अपनी पुत्री मुस्कान की शादी रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलौवा बुजुर्ग निवासी मनोज कुमार पुत्र सुरेश जाटव के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराई थी। विवाह के दौरान अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया गया था।

आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति मनोज कुमार, ससुर सुरेश, सास अन्नपूर्णा तथा ननद प्रियंका अतिरिक्त दहेज में नकद रुपये और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर मुस्कान को लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। मृतका के पिता का कहना है कि उन्होंने रिश्तेदारों के माध्यम से कई बार ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

मृतका मुस्कान की दो वर्षीय एक पुत्री है तथा वह वर्तमान में गर्भवती भी थी। आरोप है कि 13 जून 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले मुस्कान के साथ मारपीट की और बाद में उसे फांसी पर लटका दिया। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतका के पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष पर पहले भी परिवार की एक बहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का आरोप लग चुका है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस द्वारा कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

थाना रामपुरा पुलिस ने अनिल कुमार की तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0043/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) एवं 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव ने बताया कि ग्राम सिलौवा बुजुर्ग में एक महिला का शव फांसी पर लटका मिला है। मृतका के मायके पक्ष से प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply