
माल/लखनऊ। जिस घर में बेटी के जन्म की खुशी मनाई जानी थी, वहां उसी दिन मातम पसर गया। रामपुर की मिलक कोतवाली में तैनात आरक्षी सचिन कुमार की सड़क हादसे में मौत की खबर ने माल क्षेत्र को भी गमगीन कर दिया। शनिवार को माल के व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत सिपाही को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों और व्यापारियों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के रखालू गांव निवासी सोमपाल के पुत्र सचिन कुमार वर्ष 2021 बैच के आरक्षी थे। बताया गया कि गणेश महोत्सव की ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बुलट से अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सचिन कुमार की मौत हो गई।
माल थाने में भी तैनात रहे थे सचिन
सचिन का करीब चार माह पहले मई में माल थाने से रामपुर जनपद स्थानांतरण हुआ था। माल थाने में तैनाती के दौरान वह अपने व्यवहार के कारण व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों के बीच परिचित हो गए थे।
उनकी मौत की खबर मिलते ही माल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने दिवंगत सिपाही के साथ बिताए समय को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
बेटी के जन्म के दिन ही मिली पिता की मौत की खबर
सचिन के परिवार के लिए यह हादसा और भी दर्दनाक रहा। जिस दिन उनकी पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया, उसी दिन सचिन की मौत हो गई। खुशी के मौके पर अचानक मातम छा गया।
सचिन की पत्नी भी पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। नवजात बच्ची के जन्म और उसी दिन पिता की मौत की खबर ने परिवार के साथसाथ क्षेत्र के लोगों को भी भावुक कर दिया।
व्यापारियों और पुलिसकर्मियों ने दी श्रद्धांजलि
शनिवार को माल में व्यापारियों और थाना स्टाफ ने कैंडल मार्च निकाला। बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए। सभी ने दिवंगत आरक्षी सचिन कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
ः



