
धनबाद: वासेपुर के भूली मोड में सोमवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए थे .इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. इस फायरिंग में गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानू खान, उत्तर प्रदेश से आई एक युवती और भूली मोड़ का एक दुकानदार घायल हो गया था.
जानकारी के अनुसार फहीम खान के भाई सानू खान के फर्द बयान को आधार बनाते हुए बैंक मोड़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. सानू खान ने बयान के आधार पर पुलिस ने प्रिंस खान समेत गोपी खान ,जेल में बंद बंटी खान तथा गॉडविन खान के अलावा प्रिंस के पिता नासिर खान, गोपी खान के साले ऋतिक खान और सुधीश ओझा सहित अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया है.सुधीश ओझा हाल ही में पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ था.अभी वह जेल में है.
उल्लेखनीय है कि सोमवार को कारोबारी दिन की शुरुआत होते ही बाइक पर सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. इस फायरिंग में सानू खान सहित तीन लोग घायल हो गए थे. अस्पताल में पुलिस को दिए फर्द बयान में सानू खान ने बताया कि वे सोमवार की सुबह करीब 10:15 बजे अपने घर से भूली मोड़ स्थित टेंपो स्टैंड के पास चाय पीने गए थे.
चाय पीने के बाद जब वह आसपास के लोगों से बातचीत कर रहे थे ,तभी सुबह करीब 11:15 बजे नया बाजार की तरफ से एक बिना नंबर प्लेट की लाल काले रंग की बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे. बाइक चला रहे युवक ने सफेद शर्ट ,नीली जींस और सफेद हेलमेट पहन रखा था. जबकि पीछे बैठे शूटर ने काले रंग की शर्ट ,सिर पर टोपी और मुंह पर काला मास्क लगाए हुए था. बाइक धीमी करते ही पीछे बैठे शूटर ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी. जिससे उनके बाएं हाथ में तीन गोलियां लगी.
छपरा स्टोर के मालिक सद्दाम और उत्तर प्रदेश गोंडा की युवती कुमकुम को कमर में गोली लगी .बता दें कि सद्दाम का इलाज दुर्गापुर में और युवती का इलाज अशर्फी अस्पताल में चल रहा है. सानू खान भी अशर्फी अस्पताल में ही भर्ती हैं.


