Business

इस सरकारी पेंशन स्कीम से कर सकते हैं सालाना 60 हजार रुपये की कमाई, ये रही पूरी डिटेल

Satya Report: अगर आप कम निवेश में बुढ़ापे के लिए सुरक्षित आय चाहते हैं, तो सरकार की अटल पेंशन योजना (APY) आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है. इस स्कीम के जरिए आप हर साल 60,000 रुपये तक की गारंटीड पेंशन हासिल कर सकते हैं. खास बात यह है कि इसमें जुड़ने के लिए आपको बड़ी रकम निवेश करने की जरूरत नहीं होती. देशभर में 9 करोड़ से ज्यादा लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है. आइए जानते हैं इस योजना के नियम, फायदे और निवेश से जुड़ी सारी बातों को डिटेल में समझते हैं.

इस सरकारी पेंशन स्कीम से कर सकते हैं सालाना 60 हजार रुपये की कमाई, ये रही पूरी डिटेल
इस सरकारी पेंशन स्कीम से कर सकते हैं सालाना 60 हजार रुपये की कमाई, ये रही पूरी डिटेल

अटल पेंशन योजना (APY) भारत सरकार द्वारा 2015 में शुरू की गई एक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को बुढ़ापे में आर्थिक सहारा देना है. इस योजना के तहत 60 वर्ष की उम्र के बाद हर महीने 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की गारंटीड पेंशन मिलती है. यानी सालाना 12,000 रुपये से 60,000 रुपये तक की निश्चित आय सुनिश्चित होती है.

इस योजना की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 9 करोड़ से अधिक लोग इसमें शामिल हो चुके हैं. वित्त वर्ष 2025-26 में ही 1.35 करोड़ नए सब्सक्राइबर जुड़े हैं. इस योजना में शामिल होने के लिए व्यक्ति की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए और उसके पास बैंक या पोस्ट ऑफिस में खाता होना जरूरी है. साथ ही, यह योजना खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो आयकर दाता नहीं हैं.

कितनी मिलेगी पेंशन

पेंशन की राशि इस बात पर निर्भर करती है कि आप हर महीने कितना योगदान करते हैं और किस उम्र में योजना से जुड़ते हैं. उदाहरण के तौर पर, अगर कोई व्यक्ति 25 साल की उम्र में योजना से जुड़ता है, तो उसे 60 साल की उम्र तक हर महीने लगभग 376 रुपये जमा करने होंगे, जिससे उसे 5,000 रुपये मासिक पेंशन मिल सकेगी.

इस योजना की एक बड़ी खासियत यह है कि सब्सक्राइबर की मृत्यु के बाद भी उसके जीवनसाथी को पेंशन मिलती रहती है. दोनों के निधन के बाद जमा राशि नॉमिनी को दे दी जाती है. कुल मिलाकर, अटल पेंशन योजना कम आय वाले लोगों के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद पेंशन विकल्प है, जो उन्हें बुढ़ापे में आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करती है.

.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply